Rampur: कृषि एवं भूमि संरक्षण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, सीडीओ ने समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति के दिए निर्देश

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

Rampur: मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आत्मा अधिशासी परिषद (गवर्निंग बोर्ड), डिस्ट्रिक्ट फूड सिक्योरिटी एक्जीक्यूटिव कमेटी एवं जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कृषि एवं भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

उप कृषि निदेशक राम किशन सिंह ने समिति के समक्ष आत्मा योजनांतर्गत कृषक प्रशिक्षण, कृषक भ्रमण, खंड प्रदर्शन, समूह गठन, फार्मर अवार्ड, किसान मेला, कृषक-वैज्ञानिक संवाद, केवीके एवं प्रसार कार्मिकों के साथ संयुक्त भ्रमण, फील्ड-डे, किसान गोष्ठी, फार्म स्कूल तथा जनपद स्तरीय कृषक पुरस्कार से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत क्लस्टर प्रदर्शन, सामान्य बीज वितरण, कृषि रक्षा प्रबंधन एवं सिंचाई प्रबंधन सहित विभिन्न कार्यक्रमों के लक्ष्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत ज्वार, बाजरा, कोदो, रागी एवं सांवा के बीज मिनीकिट वितरण, जनपद स्तरीय मिलेट्स मेला, मिलेट्स गैलरी, विकास खंड स्तरीय कृषक प्रशिक्षण, अध्यापकों का प्रशिक्षण, अधिकारियों एवं कृषकों के क्षमता संवर्धन (एक्सपोजर विजिट) तथा मिलेट्स रेसिपी एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रमों की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की उपयोजना फसल विविधीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत फसल प्रदर्शन, बीज वितरण, कृषक प्रशिक्षण, कृषि यंत्र एवं सिंचाई कृषि यंत्रों से संबंधित प्रस्तावों को भी समिति के अनुमोदन हेतु रखा गया।

जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक में भूमि संरक्षण अधिकारी हर्षित चौहान ने खेत तालाब, पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना तथा वाटरशेड डेवलपमेंट कंपोनेंट (डब्ल्यूडीसी) योजना के निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी दी। सभी सदस्यों ने प्रस्तुत प्रस्तावों एवं सुझावों पर सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित समयसीमा में योजनाओं के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

बैठक में जिला कृषि अधिकारी, अधीक्षक राजकीय उद्यान, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक निदेशक (मत्स्य), रेशम अधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी, प्रगतिशील कृषक तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.