रामपुर: ग्रीन सिटी अस्पताल संचालक साजिद अली पाशा पर ₹25,000 का इनाम घोषित

रामपुर की तहसील स्वार के ग्रीन सिटी अस्पताल के संचालक साजिद अली पाशा पर रामपुर पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा ने ₹25,000 का इनाम घोषित किया है। यह इनाम पाशा की गिरफ्तारी में मदद करने वाले या सही सूचना देने वाले को प्रदान किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पाशा के बारे में सही जानकारी प्रदान करता है और उसकी गिरफ्तारी में मदद करता है, तो उसे ₹25,000 का इनाम दिया जाएगा। हालांकि, अगर उच्च अधिकारी या शासन प्रशासन की तरफ से इनाम की राशि बढ़ाई जाती है, तो रामपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा घोषित की गई इनामी राशि स्वतः निरस्त कर दी जाएगी। इसके अलावा, यदि अपराधी मुठभेड़ में मारा जाता है, तो जांच पूरी होने और संतुष्टि के बाद ही इनाम स्वीकृत किया जाएगा।

साजिद अली पाशा के खिलाफ थाना स्वार में अपहरण, बलात्कार और पास्को एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने पाशा को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की हैं। पाशा का एक साथी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन साजिद अली पाशा फरार है।

एसपी विद्यासागर मिश्रा ने बताया कि पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.