- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ रघुराज सिंह
सोनभद्र (बीजपुर)। स्थानीय बाजार सब्जी मंडी परिसर में शुक्रवार की देर शाम गाजे-बाजे और हर्षोल्लास के बीच रामलीला महोत्सव का आगाज हुआ। मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह बघेल तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मानसिंह गोंड ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं मुकुट पूजन कर रामलीला का शुभारंभ किया। इस मौके पर अतिथियों का स्वागत दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह, गिरजा शंकर पांडेय, विश्राम सागर, लल्लन सिंह, विनोद गर्ग सहित अन्य पदाधिकारियों ने माल्यार्पण व अंगवस्त्र भेंट कर किया। मंचासीन अतिथियों को बैज अलंकरण भी प्रदान किया गया।
रामलीला मंचन के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह बघेल ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श मानव जीवन के लिए प्रेरणास्रोत हैं। रामलीला का प्रत्येक पात्र हमें सत्य, धर्म और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने आयोजकों को बधाई देते हुए राम–सीता विवाह के दिन दो गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। वहीं विशिष्ट अतिथि मानसिंह गोंड ने बीजपुर में सांस्कृतिक मंच निर्माण की घोषणा की, जिस पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। शुभारंभ के बाद नीलकंठ रामलीला मंडली, मौहार (सीधी, मध्य प्रदेश) ने नारद मोह प्रकरण का आकर्षक मंचन प्रस्तुत किया। मंचन देर रात तक चला और दर्शक मंत्रमुग्ध होकर लीला का आनंद लेते रहे।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह, प्रेमचंद गुप्ता, जसवंत सिंह, सीताराम शर्मा, सुनील सिंह, केदार यादव, रबिंद्र गुप्ता, नागेंद्र सिंह, मुन्ना सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक धनंजय शर्मा ने किया। अंत में समिति अध्यक्ष बिजेंद्र कुमार सिंह उर्फ बग्गा सिंह ने अतिथियों और दर्शकों के प्रति आभार जताया।
