रक्षाबंधन पर छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा, मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम

Etah: रक्षाबंधन के पर्व पर थाना मलावन क्षेत्र के ए.एस. एडोम वर्ल्ड स्कूल में मिशन शक्ति एवं महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सकीट श्री नीतीश गर्ग ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मविश्वास, आत्मरक्षा, कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

क्षेत्राधिकारी ने छात्राओं को शासन एवं पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, महिला हेल्प डेस्क तथा उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ अथवा असुरक्षा की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं को पंपलेट वितरित कर जागरूक भी किया गया।

साइबर अपराधों से बचाव के लिए अनजान लिंक और कॉल से सावधान रहने, ओटीपी व व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करने तथा साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। डिजिटल अरेस्ट और उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति भी छात्राओं को सचेत किया गया।

रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाया और राखी बांधकर/बंधवाकर बेटियों की सुरक्षा एवं सहयोग के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के बाद विद्यालय की छुट्टी के समय एंटी रोमियो टीम ने विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र में चेकिंग और पेट्रोलिंग की। संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क निगाह रखते हुए छात्राओं में सुरक्षित वातावरण और विश्वास की भावना पैदा करने का प्रयास किया गया। थाना मलावन पुलिस ने संदेश दिया कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.