विश्व कप के बाद एशियन गेम्स के लिए भी चुने गए संत नगर के राजेंद्र सिंह

Ellenabad, July 31 (एम पी भार्गव): विश्व कप-2026 के बाद अब 20वें एशियन गेम्स के लिए भी गांव संत नगर के होनहार मिडफील्डर राजेंद्र सिंह का भारतीय टीम में चयन हुआ है।

दोनों सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जगह बनाकर राजेंद्र ने न केवल अपने करियर को नई ऊंचाई दी है, बल्कि संत नगर ( ऐलनाबाद ) की गौरवशाली हॉकी परंपरा में भी एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।

राजेंद्र के कोच हरविंदर सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। प्रो लीग में शानदार प्रदर्शन और शीर्ष प्रदर्शन चार्ट के कारण ही राजेंद्र टीम इंडिया के पहले 11 खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि राजेंद्र एशियन गेम्स में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और देश, हरियाणा व संत नगर का नाम रोशन करेंगे।
संत नगर ने पहले भी भारतीय हॉकी को 1 दर्जन से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और 3 ओलंपियन दिए हैं। राजेंद्र की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिली है।

बॉक्स: हॉकी नर्सरी का योगदान
संत नगर की हॉकी नर्सरी को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में सतगुरु उदय सिंह का योगदान अहम है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के खिलाड़ियों को स्टिक, किट, प्रशिक्षण और हरसंभव आर्थिक सहयोग दिया जाता है, ताकि प्रतिभा दब न सके। इसी संरक्षण का परिणाम है कि संत नगर आज देश की प्रमुख हॉकी नर्सरियों में शामिल है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.