रूस में कायम रहेगी पुतिन की सरकार, करीब 88% वोटों के साथ जीता राष्ट्रपति चुनाव

मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति चुनाव में एक बार फिर जीत हासिल की है। पुतिन को राष्ट्रपति चुनाव में रिकॉर्ड 87.97 फीसदी वोट मिले हैं। व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति चुनाव में मिली जीत पर रूस के नागरिकों का आभार जताया है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि मैं रूस के सभी नागरिकों को धन्यवाद देना चाहता हूं, क्योंकि हम एक टीम हैं। उन्होंने कहा कि एक देश में सत्ता का स्रोत रूसी लोग हैं और वह रूस के प्रत्येक नागरिक की आवाज है। हर आवाज में हम रूसी संघ के लोगों के एक राष्ट्रमंडल का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने रक्षा, विज्ञान और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश की प्रगति को आगे बढ़ाने में नागरिक भागीदारी की भूमिका पर भी जोर दिया।

इसके साथ ही पुतिन ने देश के हितों की रक्षा में उनके समर्पण को स्वीकार करते हुए सशस्त्र बलों की विशेष सराहना की। पुतिन ने कहा कि मैं अपने सैनिकों, उन जवानों के प्रति विशेष आभार व्यक्त करना चाहता हूं जो हमारे देश के विकास और अस्तित्व के लिए परिस्थितियां सुनिश्चित करते हैं।

बता दें कि रूस के राष्ट्रपति चुनाव में पुतिन को 87 प्रतिशत से अधिक वोट मिले हैं। इसी के साथ ही वह पांचवीं बार रूस के राष्ट्रपति चुने गए हैं। रशिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति चुनाव के लिए तीन दिन तक मतदान हुआ था। इसमें वह क्षेत्र भी शामिल है, जिस पर रूस ने हाल ही में कब्जा किया था।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.