ऐलनाबाद , सिरसा (एम पी भार्गव ) राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज सिरसा से गणित के प्राध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हुए प्रो. संजीव कालड़ा के अंदर समाजसेवा की भावना सदैव हिलोरें मारती रही। सरकारी सेवा में रहते हुए जहां उन्होंने बच्चों को तालीम देकर आगे बढ़ाने का काम किया वहीं अब वे अपना यू ट्यूब चैनल बनाकर गणित के उन जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दे रहे हैं जिनके पास महंगा ट्यूशन लेने की क्षमता नहीं है। प्रो. कालड़ा लगातार अपने फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल पर वीडियो प्रसारित करते हैं जिसका हजारों गणित के विद्यार्थियों को फायदा पहुंच रहा है। उनके यू ट्यूब व्यूअर्स की संख्या एक लाख के पास पहुंच गई है और फेसबुक ने इसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया है।
आपको बता दें कि ये वही प्रोफेसर संजीव कालड़ा हैं जिन्होंने राष्ट्रपति चुनाव लडऩे के लिए नामांकन भरा था और उप राष्ट्रपति के चुनाव में भी उम्मीदवार बने थे। एक बार पुन: जब भारत के उप राष्ट्रपति का अगले माह चुनाव होने वाला है, संजीव कालड़ा फिर से यह नामांकन पत्र भरने वाले हैं।
संजीव कालड़ा सिरसा की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े रहे हैं और समाज के निचले तबकों की सेवा करने में उन्हें बड़ा आनंद आता है। एक धार्मिक और सामाजिक व्यक्ति के रूप में उनकी विशेष पहचान है। उन्होंने गणेश जी के सैंकड़ों पोर्टे्रट और चित्र बनाने के साथ साथ प्रदर्शनी लगाकर भी विशिष्ट लोगों से खूब प्रशंसा प्राप्त की है।
