हरियाणा में नए जिले बनाने की प्रक्रिया शुरू: 4 दिसंबर को बनी थी कमेटी

नए जिलों के गठन के लिए 2 महीने में सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी कमेटी

ऐलनाबाद, 17 दिसंबर : हरियाणा में नए जिलों का गठन करने की प्रक्रिया अब गति पकड़ चुकी है। प्रदेश में आगामी निकाय चुनाव के बाद चार नए जिलों के गठन की तैयारी शुरू हो गई है। इस दिशा में हरियाणा सरकार ने 4 दिसंबर को एक कमेटी गठित की थी, जो अब अपनी कार्यवाही शुरू कर चुकी है। यह कमेटी दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।

4 सदस्यीय कमेटी का गठन
नए जिले, उप-मंडल, तहसील और उप-तहसील के गठन के लिए गठित की गई 4 सदस्यीय कमेटी का अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार को बनाया गया है। इस कमेटी में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, राजस्व मंत्री विपुल गोयल और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को भी शामिल किया गया है। कमेटी का मुख्य उद्देश्य उन क्षेत्रों की पहचान करना है, जहां नए जिलों का गठन किया जा सकता है।

नई जिलों की मांग
हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में लंबे समय से नए जिलों के गठन की मांग उठाई जा रही थी। करनाल जिले के असंध, हिसार जिले के हांसी, सिरसा जिले के डबवाली, गुरुग्राम जिले के मानेसर और सोनीपत जिले के गोहाना को जिला बनाने की मांग काफी समय से की जा रही है। स्थानीय नेताओं और जनता ने इन क्षेत्रों के विकास के लिए नए जिलों की आवश्यकता को महसूस किया है।

आगे की प्रक्रिया
कमेटी को उम्मीद है कि आगामी दो महीने में वे अपनी रिपोर्ट तैयार कर सरकार को सौंप देंगे। यदि रिपोर्ट सकारात्मक होती है, तो इन क्षेत्रों में नए जिलों के गठन की प्रक्रिया तेज़ी से शुरू हो सकती है, जिससे इन क्षेत्रों का प्रशासनिक ढांचा और विकास बेहतर हो सकेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.