राष्ट्रवाद और एकता के सिद्धांत से देश को मजबूत बना रहे प्रधानमंत्री: हरीश गंगवार

शाहबाद में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ने बढ़ाया उत्साह

रामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज तीव्र गति से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रवाद, एकता और संगठन के सिद्धांतों को आत्मसात कर देश को मजबूत और सक्षम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

शाहबाद क्षेत्र में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने किया। इस मौके पर उन्होंने स्कूलों-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

हरीश गंगवार ने कहा कि आज का भारत “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर जिस सशक्त भारत की नींव रखी थी, उसी आदर्श को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाएं और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज को एकजुट करने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि देश तभी प्रगति कर सकता है, जब समाज का हर वर्ग एक दिशा में आगे बढ़े और राष्ट्रहित के लिए सक्रिय भूमिका निभाए।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकता, सद्भाव और राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा देने वाले नारे लगाए। कार्यक्रम के समापन पर हरीश गंगवार ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रन फॉर यूनिटी जैसे आयोजन समाज में राष्ट्रीय एकता और जागरूकता को मजबूत करने के प्रभावी माध्यम हैं। भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष भटनागर, पूर्व विधायक काशीराम दिवाकर, मुन्नी देवी, सुरेश गुप्ता, रविंद्र रवि, नरेंद्र ठाकुर, विवेक पांडेय, संजय यादव, विकास दीक्षित, महेश चंद्रवंशी, राजकुमार गुप्ता, सुमित भटनागर, अनुभव शर्मा, आशीष गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.