- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मिर्जापुर। जिला अधिकारी प्रियंका निरंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र वर्मा के आदेश पर मिर्जापुर जनपद के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर जन सामान्य की शिकायतों को सुनते हुए उनका मौके पर त्वरित निस्तारण किया गया।
एडीएम गुलाब चंद्र के निर्देशन में तहसील सदर अंतर्गत थाना कोतवाली कटरा, कोतवाली सिटी, कोतवाली देहात, थाना विंध्याचल, थाना पड़री, थाना कछवां, थाना चिल्ह और थाना जिगना में समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
तहसीलदार सदर विशाल शर्मा और नायब तहसीलदार सदर द्वारा थाना जिगना के ग्राम चरेडू चौखटा व बदेवरा नाथ, तथा थाना कोतवाली देहात के ग्राम जयापुर में समाधान दिवस के उपरांत शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण कराया गया। इस दौरान राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।
एसडीएम सदर के निर्देशानुसार, सभी राजस्व निरीक्षकों ने समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की। अधिकांश मामलों में लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान कर संतोषजनक निस्तारण किया गया।
इस दौरान प्रशासन की सक्रियता और त्वरित पहल से ग्रामीणों में संतोष का भाव देखा गया। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि आम जनता की शिकायतों पर शीघ्र व न्यायसंगत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
