- रिपोर्ट – मनोज कुमार यादव
सकीट (एटा): थानाध्यक्ष सकीट ने राजीव गांधी कंप्यूटर साक्षरता मिशन कम्प्यूटर सेंटर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें बच्चों को साइबर क्राइम से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित बनाना और उन्हें साइबर अपराधों के प्रति सजग करना था।
थानाध्यक्ष ने बच्चों को बताया कि सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी लिंक और हैकिंग जैसे मामलों से कैसे बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी समझाया कि ऑनलाइन किसी अनजान व्यक्ति से बातचीत करने, अपने पासवर्ड शेयर करने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से कैसे खतरा हो सकता है।
कार्यक्रम में बच्चों की उत्सुकता देखते ही बनी। बच्चों ने थानाध्यक्ष से कई सवाल पूछे और उन्होंने सरल भाषा में हर प्रश्न का उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में थानाध्यक्ष द्वारा बच्चों को निःशुल्क कंप्यूटर भी वितरित किए गए, ताकि वे तकनीकी रूप से सशक्त बन सकें और डिजिटल शिक्षा की ओर अग्रसर हों।
इस अवसर पर स्थानीय गणमान्य लोग, शिक्षक और अभिभावक भी उपस्थित रहे। सभी ने थानाध्यक्ष की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस तरह के कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित होते रहेंगे।
