लखीसराय में होटल पर पुलिस की छापेमारी, जुआ खेलते 7 गिरफ्तार; नकदी और ताश की गड्डी बरामद

लखीसराय। जिले के कवैया थाना क्षेत्र स्थित बाजार समिति के शांति आवासीय होटल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेलते सात लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ताश की गड्डी और नकद राशि भी बरामद की है। मामले में होटल संचालक समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात गुप्त सूचना मिली थी कि शांति आवासीय होटल में लोगों को बुलाकर बड़े पैमाने पर जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही कवैया थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापेमारी की।

करीब रात 12:50 बजे पुलिस टीम होटल पहुंची तो वहां कई लोग गोल घेरा बनाकर ताश पर दांव लगा रहे थे। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे, लेकिन जवानों ने सात लोगों को मौके से पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार, धुनेन राम, मुरारी कुमार, अभिमन्यु कुमार, मनीष कुमार, राहुल कुमार और चंदन कुमार के रूप में हुई है। सभी लखीसराय और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक ताश की गड्डी और 2,680 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वे होटल संचालक उद्दल साव के बुलावे पर वहां जुआ खेलने आते थे और बदले में होटल संचालक को पैसा दिया जाता था।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों में होटल संचालक भी शामिल है, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4), 3(5) तथा बंगाल पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कवैय्या थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.