श्रीनाथ जी चित्रकला प्रतियोगिता एवं “सनातन को जानो” प्रतियोगिता में 350 प्रतिभागियों ने लिया उत्साहपूर्ण भाग

रामपुर। गौ सेवा परिवार फाउंडेशन, रामपुर द्वारा आयोजित “श्रीनाथ जी चित्रकला प्रतियोगिता” एवं “सनातन को जानो” प्रतियोगिता का सफल आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कोसी मार्ग, रामपुर में संपन्न हुआ। दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 350 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा, ज्ञान एवं भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण का परिचय दिया।
श्रीनाथ जी चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने भगवान श्रीनाथ जी के मनोहारी चित्र बनाकर सभी का मन मोह लिया। वहीं “सनातन को जानो” प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने एक संत की अमूल्य शिक्षा पुस्तक पर आधारित सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपने ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की कार्यकारिणी एवं प्रधानाचार्या नीता भारद्वाज का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रधानाचार्या ने स्वयं प्रत्येक कक्षा में जाकर प्रतियोगिता का निरीक्षण किया, प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा आयोजन की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों को पूरे मनोयोग से प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार के सहयोग से प्रतियोगिता अत्यंत सुव्यवस्थित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई।
प्रतियोगिता में उपस्थित अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों एवं सनातन संस्कृति से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
गौ सेवा परिवार फाउंडेशन, रामपुर ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं के परिणाम शीघ्र घोषित किए जाएंगे तथा विजेताओं का सम्मान 20 जुलाई 2026 को आयोजित श्रीनाथ जी रसकथा महोत्सव के दौरान किया जाएगा।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के उपरांत अब पूरा संगठन 19 जुलाई को आयोजित होने वाली युवा गोष्ठी तथा 18 से 21 जुलाई तक आयोजित होने वाले श्रीनाथ जी रसकथा महोत्सव की तैयारियों में पूर्ण समर्पण एवं उत्साह के साथ जुट गया है। आयोजन स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाओं, जनसंपर्क, सेवा कार्यों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं, ताकि सभी श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के लिए यह महोत्सव भव्य, सुव्यवस्थित एवं अविस्मरणीय बन सके। संस्था ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमियों एवं नागरिकों से इन आयोजनों में सहभागिता का भी आह्वान किया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.