रामपुर की तहसील मिलक में अधिवक्ता के साथ पुलिस की बदसलूकी, डीएम और एसपी से की गई शिकायत

एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की उठी मांग

रामपुर। तहसील मिलक में एक अधिवक्ता के साथ पुलिस द्वारा की गई बदसलूकी और झूठा मुकदमा दर्ज करने के आरोपों को लेकर मामला गरमा गया है। इस मामले में रामपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू और अन्य अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र से मिलकर लिखित शिकायत सौंपी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

अधिवक्ता लोकेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि मिलक थाने में तैनात दरोगा राम आशीष ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ, बावजूद इसके अधिवक्ता द्वारा की गई शिकायत पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। अधिवक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि उप जिलाधिकारी मिलक और क्षेत्राधिकारी मिलक ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुकदमा दर्ज नहीं होने दिया।

बार एसोसिएशन ने मांग की कि अधिवक्ता लोकेंद्र कुमार के खिलाफ दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच कर उसे समाप्त किया जाए। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की संपत्तियों की जांच कराने की भी मांग की गई। अधिवक्ताओं ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को जल्द लागू करने की भी पुरजोर मांग की।

अधिवक्ताओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी रामपुर विद्यासागर मिश्र ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दरोगा राम आशीष को लाइनहाजिर कर पुलिस लाइन भेज दिया है।

बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.