“मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित खेल प्रतियोगिता में पोहड़का व धौलपालिया रहे विजेता”

ऐलनाबाद, 26 दिसंबर (एम. पी. भार्गव)।ऐलनाबाद खंड के गांव पोहड़का में मेरा युवा भारत, सिरसा के तत्वावधान में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खो-खो, वॉलीबॉल, लंबी कूद और दौड़ जैसी खेल गतिविधियां करवाई गईं, जिसमें क्षेत्र के युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच सुमन सहारण तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता राजीव वधवा, पूर्व सरपंच सुभाष सहारण, सुरेन्द्र कड़वासरा और सौरभ गोयल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरा युवा भारत, सिरसा की ओर से दीपक सिला ने की।

खेल परिणामों की बात करें तो खो-खो के पहले मुकाबले में लड़कियों की टीम में धौलपालिया ने पोहड़का को हराकर जीत दर्ज की। इसके बाद उड़ान स्पोर्ट्स खारी सुरेरां और समसारा पब्लिक स्कूल शेखूखेड़ा के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें खारी सुरेरां की टीम विजेता रही। फाइनल मुकाबले में ग्रामीण धौलपालिया ने जीत हासिल की।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पोहड़का एकेडमी और पोहड़का के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें पोहड़का की टीम विजेता बनी।

लंबी कूद (बालिकाओं) में मंजु (खारी सुरेरां) ने प्रथम, ज्योति (धौलपालिया) ने द्वितीय तथा समनीत कौर (शेखूखेड़ा) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लंबी कूद (बालकों) में आशिष (उड़ान स्पोर्ट्स खारी सुरेरां) प्रथम और आर्यन सुरेरां (पोहड़का) द्वितीय स्थान पर रहे।

इस अवसर पर सरपंच सुमन सहारण ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों को खेल भावना से खेलना चाहिए और युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेलों की ओर अधिक ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मेरा युवा भारत की पूरी टीम की सराहना की।
भाजपा नेता राजीव वधवा ने कहा कि सरकार समय-समय पर युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक कदम उठा रही है और मेरा युवा भारत का यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक है।

कार्यक्रम में गांव युवा बंशी ब्यावत, सुखदेव सिंह, पूर्व सरपंच सुभाष सहारण, जुगल किशोर मेहता, कुलदीप सिंह (पीटीआई अध्यापक), दिनेश कुमार भोजक, भूप सिंह (कोच) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.