“गांडीव उठाओ हे अर्जुन…”: रामपुर में बोले मुख्तार अब्बास नकवी, आतंकवाद के खिलाफ धर्म युद्ध की जरूरत
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के गढ़ को कब्रिस्तान बना दिया गया — नकवी
रामपुर, 8 मई 2025 — पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने आज शंकरपुर स्थित अपने आवास पर प्रमुख कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों को संबोधित करते हुए आतंकवाद पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश के जनमानस ने एक स्वर में आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की मांग करते हुए जैसे कहा, “गांडीव उठाओ हे अर्जुन, अब धर्म युद्ध का घोष करो।”
पत्रकारों से बातचीत में नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सुरक्षा बलों ने आतंकवाद के गढ़ को खत्म कर “गुलेस्तान को उसका कब्रिस्तान बना दिया” है।
नकवी ने कहा, “बहनों के सुहाग उजाड़ने वालों की सल्तनत उजड़ रही है। दहशतगर्दों के दंड और दमन का यह दौर उनके दाताओं और आकाओं को दहला रहा है।” उन्होंने पाकिस्तान पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आतंकवाद को पालने-पोसने वाले पाकिस्तानी हुक्मरानों ने खुद अपनी बर्बादी की इबारत लिख दी है। “उन्हें भी मालूम है कि भारत को छेड़ोगे, तो भारत का मोदी छोड़ेगा नहीं।”
नकवी ने कहा कि जो आतंकवादी इस्लामी गिलाफ चढ़ाकर इंसानियत को लहूलुहान करते हैं, वे इस्लाम और मानवता दोनों के दुश्मन हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आतंकवाद की टेरिटरी को तोड़ना और जुल्म-जुर्म के जल्लादों की जमींदारी को जड़ से मिटाना आज देश और मानवता की सुरक्षा की आवश्यकता है।
इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, राकेश मिश्रा, महा सिंह राजपूत, सुभाष भटनागर, जागेश्वर दयाल दीक्षित, कपिल आर्य, सोनू लोधी, पंकज लोधी, अजय बाबू गंगवार, और कुंवर पाल लोधी प्रमुख रूप से शामिल थे।
