कोचिंग सेंटर की घटना पर बोले राहुल गांधी,  असुरक्षित निर्माण की कीमत चुका रहे लोग

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को यहां एक इमारत के बेसमेंट में जलभराव के कारण तीन आईएएस उम्मीदवारों की मौत पर शोक व्यक्त किया और कहा कि आम लोग असुरक्षित निर्माण, खराब नगर नियोजन और हर स्तर पर संस्थानों की गैरजिम्मेदारी की कीमत चुका रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मध्य दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में एक कोचिंग सेंटर की इमारत के बेसमेंट में भारी बारिश के बाद पानी भर जाने से तीन सिविल सेवा उम्मीदवारों की मौत हो गई।

एक्स पर हिंदी में लिखे एक पोस्ट में गांधी ने कहा, “दिल्ली में एक इमारत के बेसमेंट में जलभराव के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की मौत बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। कुछ दिन पहले बारिश के दौरान बिजली का झटका लगने से एक छात्र की मौत हो गई थी।”

उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, “बुनियादी ढांचे का यह पतन व्यवस्था की संयुक्त विफलता है। आम नागरिक असुरक्षित निर्माण, खराब नगर नियोजन और हर स्तर पर संस्थानों की गैरजिम्मेदारी की कीमत अपनी जान गंवाकर चुका रहा है।” गांधी ने जोर देकर कहा कि सुरक्षित और आरामदायक जीवन हर नागरिक का अधिकार है और सरकारों की जिम्मेदारी है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने रविवार को कोचिंग सेंटर के मालिक और समन्वयक को हिरासत में लिया, जहां भारी बारिश के बाद बाढ़ आने से तीन छात्रों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन पर गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.