पानीपत: जिंदल स्पिनिंग मिल में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान

पानीपत: शक्ति नगर स्थित जिंदल स्पिनिंग मिल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी और देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। घटना की सूचना फैक्ट्री के वॉचमैन ने मालिक अश्वनी जिंदल को दी, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को बुलाया गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री का इलेक्ट्रिक सिस्टम जल गया और अंदर लगा फायर सेफ्टी सिस्टम भी काम नहीं कर सका। फैक्ट्री रिहायशी इलाके से सटी होने के कारण आसपास के मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

फायर ऑफिसर अमित गोस्वामी ने बताया कि आग की गंभीरता को देखते हुए पानीपत की 12 दमकल गाड़ियों के अलावा समालखा, पानीपत थर्मल, एनएफएल, करनाल और घरौंडा से भी फायर टेंडर मंगवाने पड़े। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

फैक्ट्री के डायरेक्टर सुरेंद्र जिंदल के अनुसार बिजली की चिंगारी से लगी आग में गोदाम में रखा तैयार और कच्चा माल पूरी तरह जलकर राख हो गया। फैक्ट्री की इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कपड़े से रुई बनाने वाली दो मशीनें, इलेक्ट्रिक पैनल और करीब 40 मोटरें भी आग में जल गईं। इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.