प्रदेश के विकास का मार्ग तय करेंगे पंचायत चुनाव: हरीश गंगवार
भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने मुरसेना मंडल के बूथ अध्यक्षों व शक्तिकेंद्र संयोजकों से किया संपर्ककहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं, बल्कि एक विचारधारा है
रामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि एक विचारधारा है। इसी विचारधारा को जमीन पर उतारने का कार्य हमारे बूथ स्तरीय कार्यकर्ता करते हैं। प्रदेश में होने वाले आगामी पंचायत चुनाव प्रदेश और फिर देश के विकास का मार्ग तय करेंगे।
शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष चमरौआ विधानसभा क्षेत्र के मुरसेना मंडल में पहुंच गए। यहां उन्होंने ग्राम सैंजनी नानकार, काशीपुर, केसरपुर, खौद, इमरता, करनपुर, बजावाला, खिमोतिया, अजीमनगर, बगड़खा, नगलिया आकिल, नौरंगपुर शक्तिकेंद्रों पर बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर काम करती है। यह वो पार्टी है, जिसने गरीब से गरीब व्यक्ति को सम्मान दिलाया, महिलाओं को सशक्त किया, किसानों को आत्मनिर्भर बनाया और युवाओं के लिए नए अवसर खोले। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्षों में जिन क्षेत्रों को अनदेखा किया गया, वहाँ आज सड़कें बन रही हैं, गैस कनेक्शन पहुँच रहे हैं, शौचालय बन रहे हैं, घर मिल रहे हैं, और डिजिटल भारत का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया आदि योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इन्हीं योजनाओं के दम पर हम आगामी पंचायत चुनाव में एक बार फिर जनता के बीच में जाएंगे। इसके लिए हमें न सिर्फ संगठन को विस्तार देना है, बल्कि समाज के हर वर्ग से जुड़कर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान भी सुनिश्चित करना है। कहा कि बूथ ही चुनावी सफलता की नींव है, और नींव मजबूत होगी तो जीत तय है। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरपाल सिंह,ब्लॉक प्रमुख मोहित सैनी, सतनाम सिंह, मोहन कुमार लोधी, पंकज लोधी, प्रदीप गुप्ता, अर्जुन रस्तोगी, अजय सैनी आदि उपस्थित रहे।
