लखीसराय(सरफराज़ आलम)राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन में लखीसराय जिले के सभी पंचायतों में आयोजित किए जाने वाले “पंचायत विकास दिवस” कार्यक्रम के तहत आज दिनांक 28 जून 2026 को प्रखंड चानन अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंदर स्थित पंचायत सरकार भवन में भव्य आयोजन किया गया। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के आलोक में यह आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मंत्री ग्रामीण कार्य विभाग बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री लखीसराय जिला,सुनील कुमार द्वारा किया गया।
उद्घाटन के पश्चात उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पंचायत विकास दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की थीम “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” है, जिसके माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण, सहभागिता एवं विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाएं और पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुखिया श्रीमती पुष्पा देवी द्वारा की गई। बैठक में पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र लाभुकों तक सुनिश्चित किया जाएगा।
ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के अंतर्गत आवश्यक विकास कार्यों की प्राथमिकता तय की गई तथा सभी वार्ड सदस्यों एवं संबंधित कर्मियों को विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया। बैठक में महिला कल्याण योजनाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त, टीबी (क्षय रोग) के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं निःशुल्क उपचार के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। ग्राम सभा द्वारा महिलाओं को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने तथा पंचायत को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त किए गए तथा उन्हें पंचायत के विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में अध्यक्ष द्वारा सभी उपस्थित सदस्यों एवं ग्रामीणों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक की समाप्ति की घोषणा की गई।
इस अवसर पर विधायक सूर्यगढ़ा रामानंद मंडल, जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी चानन प्रिया कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
