उत्तम आर्जव दिवस पर आरती, प्रतियोगिताओं और प्रवचनों से सजी धार्मिक बेला

रामपुर। जैन समुदाय का महापर्व दशलक्षण पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर फूटा महल एवं श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर शौकत अली रोड पर तीसरे दिन का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह दिन उत्तम आर्जव दिवस के रूप में मनाया गया।
दिनभर श्रद्धालुओं का मंदिरों में आना-जाना लगा रहा। भक्तों ने प्रभु के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए पूजा-अर्चना की और आत्मशुद्धि का संकल्प लिया। शाम के समय धार्मिक प्रवचन का विशेष आयोजन किया गया जिसमें इंदौर और मथुरा से आए विद्वानों ने उत्तम आर्जव के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्वानों ने बताया कि आर्जव का अर्थ है सरलता और निष्कपटता जिसे अपनाकर मनुष्य अपने जीवन को मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर कर सकता है।
सांस्कृतिक बेला में वातावरण भक्ति रस में रंग गया। मंदिर प्रांगण में भक्तों ने सामूहिक रूप से श्री जी की आरती उतारी, जिसके बाद दोनों मंदिरों में प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। बच्चों और युवाओं ने भजन, नृत्य और धार्मिक नाटिकाओं के माध्यम से सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों ने युवाओं से आग्रह किया कि वे आर्जव जैसे गुणों को अपने जीवन में उतारें और धर्म की मूल शिक्षाओं को व्यवहार में लाएं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और देर रात तक धार्मिक उत्सव का आनंद उठाते रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.