राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिकाओं के सम्मान,सशक्तिकरण एवं समाज में उनकी भूमिका को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन

लखीसराय(सरफराज आलम)राष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा बालिकाओं के सम्मान,सशक्तिकरण एवं समाज में उनकी भूमिका को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत आज प्रातः KRK मैदान, लखीसराय से गांधी मैदान तक आयोजित वॉकथॉन से हुई। इस वॉकथॉन को डीएम मिथिलेश मिश्र द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

वॉकथॉन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, महिला खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वॉकथॉन के दौरान डीएम मिथिलेश मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाएं समाज की आधारशिला हैं और उनके सर्वांगीण विकास के बिना समृद्ध समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने शिक्षा, खेल एवं आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया।

वॉकथॉन के उपरांत गांधी मैदान, लखीसराय में महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों ने भाग लिया, जिनमें आवासीय विद्यालय बिहरौरा, हाई स्कूल बड़हिया, लाल इंटरनेशनल स्कूल, उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर कजरा, केंद्रीय विद्यालय लखीसराय, जिला प्रशासन की महिला टीम, नाथ पब्लिक स्कूल तथा बालिका विद्यापीठ लखीसराय शामिल थीं।

टूर्नामेंट के अंतर्गत बालिका विद्यापीठ लखीसराय एवं हाई स्कूल बड़हिया की टीमों के बीच फ्रेंडली मैच भी खेला गया, जिससे खेल भावना एवं आपसी सहयोग को प्रोत्साहन मिला।

प्रतियोगिता के अंतर्गत पहला सेमीफाइनल केंद्रीय विद्यालय लखीसराय एवं जिला प्रशासन की महिला टीम के बीच खेला गया, जिसमें केंद्रीय विद्यालय की टीम विजयी रही। दूसरा सेमीफाइनल उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर कजरा एवं लाल इंटरनेशनल स्कूल के बीच हुआ, जिसमें नरोत्तमपुर कजरा की टीम ने विजय प्राप्त की।

इसके पश्चात फाइनल मुकाबला केंद्रीय विद्यालय,लखीसराय एवं उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर कजरा के बीच खेला गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर कजरा की टीम विजेता घोषित हुई।

इसी क्रम में खेल भवन, लखीसराय में “बालिका गौरव” क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 60 छात्राएं एवं 15 छात्र शामिल हुए। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त नोडल शिक्षक श्री पीयूष कुमार झा की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में बालिका गौरव एवं नारी सशक्तिकरण से संबंधित 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की परीक्षा ओएमआर शीट पर ली गई। परीक्षा के तुरंत बाद परिणाम घोषित किया गया।

बालिका समूह में केंद्रीय विद्यालय की अनुष्का कुमारी ने 35 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्क्रमित मध्य विद्यालय हिरदनबीघा की पूजा राज, केंद्रीय विद्यालय की आयुषी कुमारी तथा विद्या भवन बालिका विद्यापीठ, लखीसराय की रितिका कौशिक ने 34-34 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्लस टू उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर कजरा की आराध्या कुमारी एवं विद्या भवन बालिका विद्यापीठ की सुहानी कुमारी ने 32-32 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

बालक समूह में विद्या भवन बालिका विद्यापीठ के अंकित कुमार ने 40 अंक प्राप्त कर प्रथम, केंद्रीय विद्यालय के पीयूष कुमार ने 38 अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा बालिका विद्यापीठ के कुणाल किशोर लाल ने 35 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता टीम को ट्रॉफी तथा क्विज प्रतियोगिता के सभी सफल प्रतिभागियों को डीएम मिथिलेश मिश्र,जिला परिषद अध्यक्ष अंशु कुमारी, बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा,डीईओ यदुवंश राम एवं डीपीओ आईसीडीएस वंदना पांडेय द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बालिकाओं को स्वच्छता किट तथा बालकों को मोमेंटो प्रदान किए गए।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों ने बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा समाज में समानता, सम्मान एवं अवसर की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.