- रिपोर्ट- शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक भूपेश चौबे ने की। शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि “शिक्षक समाज का निर्माण करते हैं और विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने में उनकी अहम भूमिका होगी।” उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षकों के सुझावों और विचारों को उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा। पूर्व राज्यसभा सांसद रामसकल ने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को याद किया और कहा कि आज सोनभद्र के विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता पाकर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि जनपद में विद्यालयों की संख्या बढ़ने से शिक्षा का स्तर सुधरा है और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में ब्लॉक प्रमुख नगवां आलोक सिंह, ब्लॉक प्रमुख सदर अजीत रावत, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित ओमप्रकाश त्रिपाठी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डायट प्रवक्ता ऋचा ओझा ने किया।
