रामपुर. सांसद घनश्याम सिंह लोधी की अध्यक्षता में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉदड़ एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन की उपस्थिति में अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझाव के संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में जानकारी ली। बैठक में मनरेगा, दीनदयाल अन्त्योदय, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण एवं शहरी, स्वच्छ भारत मिशन, ग्राम ज्योति योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य, उज्जवला, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की बिन्दुवार समीक्षा की। सांसद ने कहा कि बिना किसी भेदभाव के केन्द्र व प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े हर पात्र व्यक्ति को पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। जनप्रतिनिधिगणों से समन्वय बनाकर केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का क्रियान्वयन करें।
जल जीवन मिशन के अन्तर्गत सांसद ने समीक्षा करते हुए पाया कि जनपद में 1016 ग्रामों के सापेक्ष 580 ग्रामों में हर घर नल से जल योजना से आच्छादित किया जा चुका है। बैठक में निगरानी समिति के सदस्यों द्वारा बताया कि पाइप लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण कार्य नहीं किया गया है। सांसद ने अधिशासी अभियन्ता नलकूप को निर्देशित किया कि शीघ्र ही क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण कार्य कराया जाए जिससे लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। सांसद ने अधिशासी अभियन्ता विद्युत को निर्देशित किया कि जहॉ-जहॉ जर्जर तार हैं वहॉ पर नए तार लगा कर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। संज्ञान में आया है कि विद्युत विभाग द्वारा पुराने तारों को बदलने के बजाय प्राइवेट कालोनियों में नए तार लगाए जा रहे हैं। जिसपर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियन्ता विद्युत को निर्देशित किया कि 2 दिवस के अन्दर संलिप्त विभागीय कर्मचारियों एवं ठेकेदारों के विरूद्ध कार्यवाही करें। खाद्य सुरक्षा योजना के अन्तर्गत सांसद ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों का ही राशन कार्ड बनाया जाए साथ ही अपात्र लोगों का नाम सूची से हटा दिया जाए। निगरानी समिति के सदस्यों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि कुछ कोटेदार द्वारा लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जा रहा है जिसपर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि राशन वितरण के दौरान कोटेदार के विरूद्ध ऐसी शिकायतें प्राप्त होने पर दुकान निलम्बन की कार्यवाही सुनिश्चित कर एफआईआर दर्ज करायी जाए।
वृद्धापेंशन की समीक्षा करते हुए सांसद ने लाभार्थियों के खाते में पेंशन न आने की शिकायत पर सम्बन्धित अधिकारी ने बताया कि जनपद में लाभार्थियों के खातों का सत्यापन का कार्य चल रहा है जिस कारण उनके खातों में पेंशन स्थानान्तरित नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही जनवरी के प्रथम सप्ताह में लाभार्थियों के खातों में पेंशन स्थानान्तरित कर दी जायेगी। कौशल विकास मिशन के अन्तर्गत सांसद ने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया कि रोजगार मेले के अन्तर्गत जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। जिलाधिकारी ने समस्त नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर पालिका क्षेत्रों में सामुदायिक शौचालय जर्जर अवस्था या बन्द हैं उन्हें शीघ्र ही संचालित कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सांसद निधि के अन्तर्गत जो भी कार्य किए जा रहें उसे शीघ्रता से पूर्ण कर लोकापर्ण कराया जाए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी, चेयरमेन जिला सहकारी बैंक मोहन लाल सैनी, जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी हंसराज पप्पू सहित ब्लाक प्रमुख, नगर पालिका/नगर पंचायत अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मैं शाहबाज़ खान पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं और वर्तमान में खबरें जंक्शन चैनल में रामपुर ब्यूरो के रूप में कार्यरत हूं। पत्रकारिता के प्रति मेरी प्रतिबद्धता, निष्पक्षता और निर्भीक कार्यशैली ने मुझे इस क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई है।
मेरी प्रारंभिक शिक्षा सुगरा चिल्ड्रन एकेडमी (इंग्लिश मीडियम) में नर्सरी से कक्षा 5 तक हुई। इसके बाद कक्षा 6 से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा सुंदर लाल इंटर कॉलेज, रामपुर से प्राप्त की। वर्ष 2014 में हाईस्कूल तथा 2016 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया। इसके उपरांत मैंने भौतिक विज्ञान (Physics), रसायन विज्ञान (Chemistry) एवं जीव विज्ञान (Biology) विषयों के साथ स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
मैं वर्ष 2013 से पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हूं। अपने करियर के दौरान समाचार प्लस, समाचार टुडे, इंडिया वॉइस जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनलों तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख प्रिंट मीडिया संस्थान में भी कार्य कर चुका हूं। मुझे राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, अपराध, विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है।
मैं हर प्रकार की खबर को तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करता हूं। मेरी कोशिश हमेशा जनता की आवाज़ को प्रशासन और शासन तक पहुंचाने की रही है। इसी कार्यशैली के कारण मेरे संस्थान ने हमेशा मुझ पर विश्वास जताया है।
वर्ष 2013 से अब तक हुए सभी लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों की ग्राउंड कवरेज के दौरान उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए मुझे जिला प्रशासन द्वारा कई प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए हैं। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के कारण मुझे कई बार कानूनी चुनौतियों और मुकदमों का भी सामना करना पड़ा, लेकिन मैंने हमेशा निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन किया।
वर्तमान में वर्ष 2024 से ग्रामीण आंचलिक पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा हूं। पत्रकारिता के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी मेरी सक्रिय भागीदारी रही है। पिछले 13 वर्षों में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) द्वारा मुझे उत्कृष्ट कार्यों के लिए अनेक सम्मान-पत्र, ट्रॉफी, मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए हैं।
मेरा उद्देश्य सदैव निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज़ को बुलंद करना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा को बनाए रखना है।
