लखीसराय के चानन प्रखंड के शैडो और क्रिटिकल मतदान केंद्रों का प्रेक्षकों ने किया निरीक्षण,मतदाताओं को किया जागरूक

  • सरफराज आलम की रिपोर्ट

लखीसराय। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र बुधवार को चानन प्रखंड अंतर्गत शैडो जोन एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों का निरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त सामान्य प्रेक्षक और पुलिस प्रेक्षक के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी चानन, बन्नू बगीचा एवं किऊल थाना अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में प्रेक्षक द्वय ने मतदान केंद्रों की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, पहुंच मार्ग और मतदान कर्मियों की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की तकनीकी या सुरक्षा संबंधी समस्या न उत्पन्न हो, इसके लिए सभी तैयारियां पूर्व से ही सुनिश्चित की जाएं।

सामान्य प्रेक्षक ने कहा कि शैडो जोन और संवेदनशील माने जाने वाले मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती की व्यवस्था की जा रही है, ताकि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान प्रेक्षक द्वय ने स्थानीय अनुसूचित जनजातीय मतदाताओं से भी संवाद किया और उन्हें शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर मतदाता का योगदान जरूरी है, इसलिए सभी लोग निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

प्रेक्षकों ने उपस्थित प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली और दिव्यांग जनों के लिए विशेष रैंप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों ने मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी तत्परता से चुनाव को निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.