- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मीरजापुर। समाचार पत्र में प्रकाशित एक खबर का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सदस्य सचिव तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर ने त्वरित कार्रवाई कर सात वर्ष से लंबित एक मामले का निस्तारण करा दिया।
दरअसल, 4 जुलाई 2026 को आयोजित विधिक साक्षरता एवं सशक्तीकरण शिविर तथा विशेष लोक अदालत के दौरान गड़बड़ा गांव निवासी संजय अपनी मां गीता देवी के अंतिम संस्कार के बाद सीधे अदालत पहुंचे थे। वह सात वर्ष पुराने मारपीट के मामले के निस्तारण की उम्मीद में लंबी कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इस मानवीय पहलू को लेकर प्रकाशित समाचार ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।

खबर का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ने तत्काल ग्राम न्यायालय लालगंज के न्यायाधिकारी सुमित कुमार यादव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में न्यायाधिकारी ने 6 जुलाई 2026 को संबंधित पुराने लंबित वाद की सुनवाई की। जुर्म स्वीकारोक्ति प्रार्थना पत्र के आधार पर नियमानुसार अर्थदंड लगाते हुए मामले का विधिसम्मत निस्तारण कर दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि न्याय तक त्वरित और सरल पहुंच सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। जरूरतमंद और पात्र व्यक्तियों को समय पर न्याय उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकरण लगातार प्रयासरत है।
