लापरवाही : पीडब्ल्यूडी विभाग व ठेकेदार की लापरवाही का खमियाजा भुगत रहे लोग
करीब 6 महीने पहले उखाड़ी गई सड़क पर नुकीले पत्थरों से लोग बुरी तरह परेशान
ऐलनाबाद , 26 अप्रैल( एम पी भार्गव ) : शहर के सिरसा रोड से निकलने वाली टीवीएस एजेंसी रोड को नई सड़क बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा करीब 6 महीने उखाड़ दिया गया था लेकिन उसके बाद पत्थर डालकर इसको छोड़ दिया गया है, अब इस सड़क पर डाले गए पत्थर भी उखड़ने लगे हैं, जिससे आने-जाने वाले लोगों को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की मांग है कि इस सड़क को अति शीघ्र बनाया जाए ताकि लोगों को समस्या से छुटकारा मिल सके। सिरसा रोड से निकलकर रेलवे लाइन की तरफ जाने वाली इस सड़क की लंबाई करीब पौने दो किलोमीटर है। यह सड़क पहले 12 फुट चौड़ाई की बनी हुई थी जिसको उखाड़कर अब 18 फुट चौड़ी किया गया है। इस सड़क पर आगे दो कालोनियां बनी हुई है जिसमें लोगों का आना-जाना बड़ी संख्या में रहता है वहीं इसी रोड पर वारिवो मोटर्स की फैक्ट्री भी है, जिसमें 200 के करीब रोजाना लोग आते जाते हैं, कॉलोनी वासियों के बच्चे स्कूलों में पढ़ते हैं जिनको लेने और छोड़ने के लिए अलग-अलग स्कूलों की करीब 7 – 8 स्कूल बसें भी यहां से गुजरती है। जिसके चलते यह सड़क पूरा दिन व्यस्त रहती है लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा इस सड़क पर पत्थर डालकर छोड़ दिया गया है। अब पत्थर भी इस सड़क पर उखड़ गए हैं, जिससे लोग समस्याओं का सामना कर रहे हैं लेकिन विभाग व ठेकेदार गहरी नींद में सो रहे है । लोगों की मांग है कि इस सड़क को अति शीघ्र बनाकर लोगों को समस्या से छुटकारा दिलाया जाए, लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विभाग द्वारा सड़क का निर्माण कार्य जल्दी पूरा नहीं किया गया तो वह सिरसा रोड पर जाम लगाकर विभाग व ठेकेदार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेंगे।
जब इस समस्या संबंधी पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ सरवन बेनीवाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि तारकोल की कमी के चलते यह सड़क अभी तक नहीं बन पाई है, अब आगामी 1 महीने के अंदर अंदर इस सड़क को बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
