नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में मिला मानद लेफ्टिनेंट कर्नल का पद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया सम्मानित

नई दिल्ली। भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को बुधवार को भारतीय सेना की टेरिटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साउथ ब्लॉक, नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि “लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा दृढ़ संकल्प, देशभक्ति और उत्कृष्टता की भारतीय भावना के प्रतीक हैं। उन्होंने अपने अनुशासन और समर्पण से न केवल खेल जगत, बल्कि पूरे राष्ट्र को प्रेरित किया है।”

रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि नीरज ने मैदान में जो अनुशासन और निष्ठा दिखाई है, वही उन्हें भारतीय सेना के आदर्शों से जोड़ती है। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनने का कार्य किया है।

नीरज चोपड़ा को वर्ष 2016 में भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स रेजिमेंट में शामिल किया गया था। हरियाणा के पानीपत जिले के खांदरा गांव में 24 दिसंबर 1997 को जन्मे नीरज ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल भारत को, बल्कि भारतीय सेना को भी गौरवान्वित किया है।

नीरज ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में इतिहास रचते हुए ट्रैक एंड फील्ड में भारत का पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक और वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। इसके अलावा, उन्होंने एशियाई खेलों, कॉमनवेल्थ गेम्स और डायमंड लीग में भी कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

हाल ही में नीरज ने 90.23 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो (2025) कर भारतीय एथलेटिक्स इतिहास में नया मील का पत्थर स्थापित किया।

नीरज चोपड़ा की उत्कृष्ट उपलब्धियों और राष्ट्र सेवा के प्रति योगदान को देखते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें 16 अप्रैल 2025 को टेरिटोरियल आर्मी में मानद कमीशन प्रदान किया था।

नीरज को अब तक कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें पद्म श्री, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, परम विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक शामिल हैं।

कार्यक्रम में थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, टेरिटोरियल आर्मी के वरिष्ठ अधिकारी और भारतीय सेना के कई उच्चाधिकारी भी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.