अरब सागर में नौसेना का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, INS सुमित्रा ने समुद्री लुटेरों के चंगुल से मछुआरों को छुड़ाया

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना (Indian Navy) ने अरब सागर में सोमालिया के समुद्री लुटेरों के हलक में हाथ डालकर बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया और मछुआरों को सुरक्षित बचाया. इस रेस्क्यू ऑपरेशन को INS सुमित्रा (INS Sumitra) से अंजाम दिया गया. न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘सोमालिया के पूर्वी तटीय क्षेत्र में तैनात नौसेना के युद्धपोत INS सुमित्रा ने ईरान के झंडे वाले एक जहाज की ओर से मिली अपहरण की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की, जिसपर कुछ समुद्री लुटेरे चढ़ गए थे. नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नौसेना के इस उद्देश्य से तैनात युद्धपोत INS सुमित्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपहृत जहाज और उसके चालक दल की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित की.

नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा, ‘सोमलिया के पूर्वी तटों और अदन की खाड़ी में जलदस्यु रोधी अभियानों के लिए तैनात INS सुमित्रा ने ईरान के झंडे लगे मछली पकड़ने वाले जहाज ‘ईमान’ के अपहरण के संबंध में सूचना पर कार्रवाई की. जहाज पर समुद्री लुटेरे चढ़ गए थे और चालक दल को बंधक बना लिया गया था.’

जहाज को भी सुरक्षित किया
उन्होंने बताया कि INS सुमित्रा ने जहाज को रोका और समुद्री लुटेरों को चालक दल तथा जलपोत की सुरक्षित रिहाई के लिए बाध्य करने के वास्ते स्थापित मानक चालक प्रक्रियाओं (SOP) के अनुरूप काम किया. मधवाल ने बताया कि जहाज पर चालक दल के सभी 17 सदस्यों और नौका को सफलतापूर्वक मुक्त कराया गया. प्रवक्ता ने कहा, ‘हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री लुटेरों और समुद्री सुरक्षा अभियानों में भारतीय नौसैनिक युद्धपोतों की तैनाती समुद्र में सभी जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के प्रति भारतीय नौसेना के दृढ़संकल्प को दर्शाती है.’

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.