Mohibullah Nadvi Rampur: सपा स्थापना दिवस पर रामपुर पहुंचे सांसद मोहिबुल्लाह नदवी, पत्रकार के सवाल पर भड़के
Mohibullah Nadvi Rampur: समाजवादी पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी रामपुर पहुंचे। उन्होंने कैंप कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी की आगामी रणनीति और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान मीडिया के सवाल पर सांसद एक पत्रकार पर नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि अपने शब्द वापस लें।
सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि ‘अब्दुल’ कहकर किसी पूरे समुदाय का मजाक बनाना या उसे कमतर आंकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के गठन और उनके संघर्ष में समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में किसी भी समुदाय के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
अखिलेश यादव का कद छोटा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं
सांसद ने कहा कि आज समाजवादी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कद को छोटा करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सपा की राजनीतिक ताकत और संगठन को लेकर भी अपनी बात रखी।
वोटों को लेकर चुनाव आयोग और भाजपा पर सवाल
मोहिबुल्लाह नदवी ने चुनावों में वोटों के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि वोटों की चोरी के बाद सरकारें बनती हैं तो ऐसी सरकारों की वैधता पर भी सवाल खड़े होते हैं।
2027 में सपा की आंधी का दावा
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सपा सांसद ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और उत्तर प्रदेश में सपा की आंधी चल रही है। उन्होंने इंडिया गठबंधन और पीडीए की सरकार बनने का दावा किया।
रामपुर की लीडरशिप पर बोले- जनता के बीच जाएं दावेदार
रामपुर में पार्टी की लीडरशिप को लेकर सांसद ने कहा कि अब कमरों में बैठकर नेतृत्व तय करने का दौर नहीं रहा। उन्होंने कहा कि जो लोग चुनाव लड़ना चाहते हैं, उन्हें जनता के बीच जाना चाहिए और जनता का समर्थन हासिल करना चाहिए। इसके बाद पार्टी तय करेगी कि कौन चुनाव लड़ने के लिए सक्षम है।
