Bhagat Singh Jayanti marathon: शहीद भगत सिंह ट्रस्ट की 5वीं विशाल मैराथन में गूंजा ‘फिट युवा – नशामुक्त समाज’ का नारा, हरियाणा-राजस्थान के धावकों ने दिखाया दमखम
Bhagat Singh Jayanti marathon ( एम पी भार्गव ): शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती की स्मृति में शहीद भगत सिंह ट्रस्ट, मिठनपुरा द्वारा रविवार को पांचवीं विशाल मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। इस मैराथन में हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों एवं युवाओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लेकर ‘फिट युवा-नशामुक्त समाज’ का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस नेता सुमित बेनीवाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों से जोड़ना बेहद जरूरी है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच पैदा करते हैं। युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर ही नशामुक्त और मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में लगातार पांचवीं बार इस प्रकार का भव्य आयोजन करने पर ट्रस्ट की सराहना की।

गणमान्यों ने बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष राम सिंह सोलंकी, सरपंच नथूराम बरावड़, सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र सिद्धू, पूर्व सरपंच मनोज सिहाग, ग्राम सचिव प्रवीण, मास्टर अजीत कुमार, मास्टर प्रहलाद सिंह, गौशाला कमेटी सदस्य रूपराम भांभू, वेदपाल पूनिया, जगतार सिंह, नौरंग लाल भांभू, सरपंच अजय सिंह सोलंकी तथा ब्लॉक समिति सदस्य सुभाष भांभू सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। मैराथन के सफल आयोजन में भाई कन्हैया मानव सेवा समिति और पुलिस प्रशासन ऐलनाबाद का विशेष सहयोग रहा।
ये रहे विजेता –
– लड़कों की श्रेणी में प्रथम – संदीप श्योराण, द्वितीय – राहुल नागर (कृष्णा स्पोर्ट्स अकादमी, मिठनपुरा), तृतीय – रामनाथ (सूरतगढ़ अकादमी) और चतुर्थ – निर्मल (सिरसा) रहे।
– वहीं लड़कियों की श्रेणी में प्रथम – पूजा (धोलपालिया), द्वितीय – पूनम (मिठनपुरा), तृतीय प्रियांशु कासनिया और चतुर्थ – कामना ने बाजी मारी। कृष्णा स्पोर्ट्स अकादमी की खिलाड़ियों ने विशेष रूप से शानदार प्रदर्शन किया।
आयोजकों ने प्रथम 4 विजेताओं को नकद पुरस्कार व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया, जबकि 5वें से 45वें स्थान तक आए सभी धावकों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि शहीद भगत सिंह केवल देश की आजादी के महानायक ही नहीं, बल्कि आज के युवाओं के लिए प्रेरणा के प्रतीक हैं। ट्रस्ट का उद्देश्य उनके विचारों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाकर उन्हें शिक्षा, खेल और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। अंत में ट्रस्ट ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
