मीरजापुर। जनपद मीरजापुर पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना चुनार पुलिस टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए एक शातिर हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से 101 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹20 लाख आंकी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में पुलिस ने ग्राम सझौली, रामरति देवी फार्मेसी कॉलेज के पास से आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनीश गिरी पुत्र शिवपूजन गिरी (निवासी ओडिया डीह, थाना रामगढ़, जिला कैमूर भभुआ, बिहार, उम्र 36 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से
101 ग्राम हेरोइन
₹1400 नगद
दो मोबाइल फोन
होण्डा साइन मोटरसाइकिल (UP 63 X 7031)
बरामद किए हैं। वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गाजीपुर से हेरोइन लाकर चुनार और आसपास के क्षेत्रों में छोटे पैकेट बनाकर बेचता था, जिससे उसे मोटा मुनाफा होता था।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0-436/2025, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट, थाना चुनार में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र भूषण मौर्य, उप निरीक्षक दिलीप कुमार व सूर्यकांत राय तथा थाना चुनार पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
