मिर्जापुर: वादकारियों के मामलों के शीघ्र व सरल निस्तारण हेतु 16 से 18 अक्टूबर तक आयोजित होगी मिनी लोक अदालत
- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मिर्जापुर। वादकारियों की सुविधा और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से जनपद न्यायालय मीरजापुर में मिनी लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत आगामी 16, 17 और 18 अक्टूबर 2025 को आयोजित होगी।
मा० जनपद न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्र द्वितीय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के दिशा-निर्देशों के तहत प्राचीनतम पत्रावलियों को शीघ्रातिशीघ्र निस्तारित करने के लिए यह पहल की गई है।
जनपद न्यायालय में कई ऐसे वादकारी हैं जो रोज़गार या नौकरी के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में कार्यरत हैं और प्रायः त्योहारों पर ही घर आते हैं। आगामी दीपावली और छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए, ऐसे वादकारियों से संबंधित मामलों का निस्तारण सुगमता से किया जा सके, इसके लिए यह मिनी लोक अदालत निर्धारित की गई है।
लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय मीरजापुर सहित बाह्य स्थित न्यायालयों —
सिविल जज (जू०डि०), चुनार
ग्राम न्यायालय, मड़िहान
ग्राम न्यायालय, लालगंज
में भी एक साथ किया जाएगा।
विद्वान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर को निर्देशित किया गया है कि वे इन तिथियों पर मिनी लोक अदालत के आयोजन, समुचित प्रबंधन एवं प्रचार-प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक वादकारी इसका लाभ उठा सकें।
इस पहल का उद्देश्य न्याय तक सबकी आसान पहुँच सुनिश्चित करना और वादकारियों को उनके मामलों का शीघ्र, सुलभ और सौहार्दपूर्ण समाधान उपलब्ध कराना है।
