मिलक पुलिस की कार्रवाई: सर्विलांस की मदद से वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, तमंचा बरामद

जनपद रामपुर में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मिलक पुलिस ने सर्विलांस टीम की सहायता और मुखबिर की सूचना पर एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक के निकट पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मिलक के कुशल नेतृत्व में कोतवाली मिलक पुलिस टीम ने 28 अप्रैल 2026 को वांछित अभियुक्त हंशित शर्मा पुत्र हरीश कुमार उर्फ राजू शर्मा, निवासी मोहल्ला असदुल्लापुर थाना मिलक, को मुरादाबाद सेक्टर-15 से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय रामपुर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 27 मार्च 2026 का है, जब पीड़ित देवराज मित्तल निवासी असदुल्लापुर ने थाना मिलक में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पुरानी रंजिश को लेकर हंशित शर्मा और उसके साथी गेरू पुत्र सुंदरलाल ने उनके साथ गाली-गलौज की और हंशित शर्मा ने तमंचे से फायर कर जान से मारने की कोशिश की। हालांकि, पीड़ित बाल-बाल बच गया। साथ ही आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

इस मामले में थाना मिलक में मुकदमा संख्या 87/26 धारा 352, 351(3), 109(1), 117(2), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक नीरज शर्मा द्वारा की जा रही थी।

विवेचना के दौरान 27 अप्रैल 2026 को अभियुक्त हंशित शर्मा की निशानदेही पर कस्बा मिलक स्थित अनाज मंडी के पास तालाब के किनारे खंभे से एक 12 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया गया। इस बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की वृद्धि की गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.