प्रशिक्षण महाभियान–2026: कार्यकर्ताओं को मिला विकास और अंत्योदय का मंत्र

हरियाणा/जींद, 17 मार्च (डॉ. एम.पी. भार्गव)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026 के तहत जींद जिले के पिंडारा, गतौली और जुलाना मंडलों में आयोजित कार्यशालाओं में हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार के पिछले दस वर्षों के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश और प्रदेश में विकास, पारदर्शिता और सुशासन की नई परंपरा स्थापित हुई है।

अशोक छाबड़ा ने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है।

हरियाणा सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि ‘मेरी फैमिली–मेरी पहचान’, ई-टेंडरिंग, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और ऑनलाइन ट्रांसफर नीति जैसी पहलों से प्रशासनिक व्यवस्था अधिक जवाबदेह बनी है। प्रदेश में सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

कार्यशालाओं के दौरान संगठन की विचारधारा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ सिद्धांत पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही संगठन का मूल उद्देश्य है।

अशोक छाबड़ा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन और सरकार के बीच सेतु का काम करते हैं।

कार्यक्रम में उत्साह से भरे कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए विकास कार्यों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई तथा उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.