प्रशिक्षण महाअभियान-2026: भाजपा कार्यकर्ताओं के दम पर संगठन मजबूत, डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों पर जोर
बदायूँ, मार्च। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत नगर बदायूँ, बिल्सी नगर, बिसौली ग्रामीण, उसावाँ, बसोमा और दहगवां मंडलों में प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन किया गया। बदायूँ नगर मंडल का कार्यक्रम वैभव लॉन में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित कर शुरू किया गया, जबकि बिल्सी नगर में विधायक हरीश शाक्य ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और सक्रियता से ही संगठन का विस्तार संभव है। उन्होंने मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि भाजपा का विकास एक लंबी वैचारिक साधना और संगठनात्मक संघर्ष का परिणाम है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसंपर्क के कारण ही पार्टी आज देशभर में मजबूत हुई है।
बूथ प्रबंधन पर प्रदेश मंत्री डीपी भारती ने कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत है और मतदाताओं से लगातार संपर्क चुनावी सफलता की कुंजी है।
पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी है तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
वरिष्ठ नेताओं ने वैचारिक अधिष्ठान, कार्य पद्धति और संगठन विस्तार जैसे विषयों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला और कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न विषयों पर सात सत्र आयोजित किए गए, जिनमें कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
