नोएडा। थाना फेस-1 पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर अंतर्राज्यीय बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल का चेसिस बरामद किया गया है। इस कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। बरामद वाहनों की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान बर्ड सेंचुरी अंडरपास के पास से आशु ढेढा (26), निवासी दल्लूपुरा, न्यू अशोक नगर (दिल्ली) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर कुल 12 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ पहले दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों की रेकी करता था। इसके बाद पार्किंग स्थलों और सुनसान जगहों से मोटरसाइकिल व स्कूटी चोरी कर उन्हें तुरंत बेचने के बजाय अन्य वाहनों के बीच छिपाकर रख देता था, ताकि किसी को संदेह न हो। बाद में वह खुद को आर्थिक रूप से मजबूर बताकर इन वाहनों को कबाड़ियों या राहगीरों को कम कीमत पर बेच देता था। चोरी से मिले पैसों को दोनों आपस में बांटकर मौज-मस्ती और अपने शौक पूरे करने में खर्च करते थे।
जांच के दौरान बरामद एक मोटरसाइकिल जिपनेट के माध्यम से दिल्ली के थाना ईस्ट विनोद नगर क्षेत्र से चोरी की पाई गई। वहीं, आरोपी का रिकॉर्ड उत्तर प्रदेश पुलिस के यक्ष ऐप और गाण्डीव पोर्टल पर खंगाला गया, जिसमें उसके खिलाफ पहले से दर्ज कई आपराधिक मामलों की पुष्टि हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, लूट, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट सहित कुल 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच से स्पष्ट हुआ है कि वह लंबे समय से संगठित वाहन चोरी गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है।
बरामद वाहनों में नोएडा के थाना फेस-1, सेक्टर-24 और सेक्टर-49 के अलावा दिल्ली के कल्याणपुरी, गोविंदपुरी, शकरपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें और स्कूटी शामिल हैं। कुछ वाहनों की पहचान इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के अन्य वाहनों और उन्हें खरीदने वाले लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।
इनपुट –आईएएनएस
