रंगदारी और फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई,मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एसडीपीओ शिवम कुमार ने की प्रेस वार्ता
लखीसराय(सरफराज आलम)मेदनीचौकी थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में मिट्टी भराई के दौरान रंगदारी मांगने और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुजित कुमार को कटेहर गांव से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।बीती 30 अप्रैल को पहाड़पुर निवासी राजीव कुमार अपने खेत से मिट्टी काटकर बथान की भराई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही सुजित कुमार और रमन कुमार वहां पहुंचे और रंगदारी की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने पिस्टल से एक राउंड फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।इस मामले में मेदनीचौकी थाना में कांड संख्या 66/26 दर्ज किया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर रविवार को मेदनीचौकी और सूर्यगढ़ा थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर मुख्य आरोपी सुजित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी गंभीर बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार उस पर हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि दूसरे आरोपी रमन कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
