गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। स्वाट टीम, अपराध शाखा और मोदीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी जलवीर उर्फ जल्लू अपने एक साथी के साथ आल्टो कार में सवार होकर क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर गदाना गांव के पास चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से जलवीर घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। मौके से उसका साथी जतिन शर्मा भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस, एक कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी हाल ही में हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल था। पुलिस अब अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है।
