खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई : 103 किलो से अधिक संदिग्ध चाय सीज, जांच के लिए नमूने भेजे गए

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष छापामार अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी/अतिरिक्त प्रभार सहायक आयुक्त (खाद्य) संजीव सिंह ने किया।

अभियान के दौरान स्वार क्षेत्र के मोहल्ला रसूलपुर स्थित इमरान इंटरप्राइजेज पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से गुड वाइल चाय एवं खुली चाय के एक-एक विधिक नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संदिग्ध एवं मिथ्याछाप होने की आशंका पर लगभग 70.250 किलोग्राम गुड वाइल टी (अनुमानित मूल्य ₹56,200) तथा 33 किलोग्राम खुली चाय (अनुमानित मूल्य ₹4,290) सहित कुल 103.250 किलोग्राम चाय को नियमानुसार सीज कर दिया गया। संबंधित कारोबारी को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक उक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि अभियान के दौरान कुल दो विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थ मिलावटी अथवा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि जनपद में मिलावटी एवं गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामचन्द्र यादव, देवकान्त एवं राहुल शुक्ला उपस्थित रहे.

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.