अमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हथियार और ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर। कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने सीमा पार से संचालित हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 आधुनिक पिस्तौल, 60 जिंदा कारतूस और 3.513 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा गैंगस्टरों और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी सीमा से सटे इलाकों, विशेषकर तरनतारन जिले के खेमकरण क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।

पुलिस के अनुसार बरामद पिस्तौल PX 5.7×28 mm TISAS (टर्की सीरीज़) की हैं, जो बेहद आधुनिक और घातक मानी जाती हैं। इन हथियारों की पेनिट्रेशन पावर काफी अधिक होती है और ये ऑटोमैटिक फायर करने में सक्षम हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अत्याधुनिक हथियार पहली बार इस प्रकार के मामलों में बरामद हुए हैं।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे तस्करों और हैंडलरों के संपर्क में थे। जांच के दौरान पाकिस्तान आधारित आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी का नाम सामने आया है, जो भारत में हथियार और नशे की तस्करी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था। पुलिस अन्य संभावित कंसाइनमेंट और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में करण, गुरप्रीत गोपी (खेमकरण निवासी), मख्खनदीन, राकेश केशू, जमकौर सिंह और जसबीर वीरा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार राकेश केशू के खिलाफ पहले से ही चार मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में भी नशे तथा हथियारों से जुड़े मामलों में संलिप्त रहा है।

इस मामले में अमृतसर के थाना गेट हकीमा, थाना छेहरटा और थाना वेरका में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आरोपियों के अन्य संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

इस दौरान पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे लालच में पड़कर अपनी जिंदगी बर्बाद न करें। उन्होंने कहा कि मेहनत से कमाई गई रोजी में ही असली बरकत होती है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों और समाज से भी युवाओं को सही दिशा देने और उन्हें नशे व अपराध से दूर रखने की अपील की।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.