- रिपोर्ट: जितेंद्र ठाकुर
Modinagar: गाजियाबाद के मोदीनगर-भोजपुर रोड पर शराब पार्टी के दौरान दो साथियों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही साथी पर तमंचे से गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल युवक को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे गाजियाबाद के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक भोजपुर क्षेत्र से शराब खरीदने के बाद कार में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया और आरोपी ने अपने साथी पर गोली चला दी।
मोदीनगर के एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
