कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर लालपुर कोसी घाट का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट

रामपुर, 5 नवंबर 2025; 
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी रामपुर एवं पुलिस अधीक्षक रामपुर ने मंगलवार को थाना अजीमनगर क्षेत्रान्तर्गत लालपुर कोसी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घाट क्षेत्र में की गई तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया और उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, गोताखोरों की तैनाती तथा महिला श्रद्धालुओं के लिए पृथक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि—
➡ घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए।
➡ नदी तट पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएँ।
➡ पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए और मुख्य मार्गों पर नो पार्किंग जोन का कड़ाई से पालन कराया जाए।
➡ सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए।
➡ स्थानीय प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर प्राथमिक चिकित्सा एवं राहत दल को तैनात रखा जाए।
अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यातायात पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि स्नान पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना न हो।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, थाना प्रभारी अजीमनगर सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.