लखीसराय पुलिस का एक्शन: पुलिस पर हमला करने वाला टॉप-10 अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे; अवैध बालू खनन माफिया पर शिकंजा

लखीसराय पुलिस ने जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल नितेश कुमार उर्फ नितीश कुमार को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पुलिस पर हमले और अवैध बालू खनन से जुड़े मामले में फरार चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, 2 मार्च 2026 को तेतरहाट थाना पुलिस किउल नदी में अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद वाहन मालिकों और चालकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और अपने वाहनों को लेकर फरार होने का प्रयास किया। इस मामले में तेतरहाट थाना कांड संख्या 37/26 दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पर हमले के मामलों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 2 जुलाई 2026 को फरार चल रहे टॉप-10 अपराधी नितेश कुमार उर्फ नितीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं, अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

गिरफ्तार आरोपी नितेश कुमार उर्फ नितीश कुमार लाखोचक गांव, थाना किउल, जिला लखीसराय का निवासी है। उसके खिलाफ तेतरहाट थाना और किउल थाना में पुलिस पर हमला, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय, रमेश पासवान, तेतरहाट थाना की सशस्त्र पुलिस के साथ-साथ डीआईयू और एसटीएफ लखीसराय की टीम शामिल रही। लखीसराय पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

शिवम कुमार (एसडीपीओ) लखीसराय
टॉप टेन अपराधी नितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। यह पुलिस पर हमले और अवैध खनन में शामिल था। पूछताछ जारी है। पुलिस अब इसके नेटवर्क की जांच कर रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.