लखीसराय में 3–5 दिसंबर को होगा फ़िल्म महोत्सव 2025; चुनाव खत्म होते ही प्रशासन ने तेज की तैयारियां
25–27 नवंबर तक होगा अकादमिक सम्मेलन, देश-विदेश के इतिहासकार होंगे शामिल
लखीसराय। बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन ने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में फिर से काम तेज कर दिया है। इसी क्रम में लखीसराय फिल्म महोत्सव 2025 के दूसरे संस्करण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह महोत्सव 3 से 5 दिसंबर तक आयोजित होगा।पिछले वर्ष बाल दिवस के मौके पर आयोजित पहले फिल्म महोत्सव को मिली सफलता को देखते हुए इस बार कार्यक्रम को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम की तिथियों में बदलाव किया गया था।फिल्म महोत्सव से पूर्व राजकीय लाली पहाड़ी महोत्सव के तहत 25 से 27 नवंबर तक ‘लखीसराय अकादमिक सम्मेलन’ का आयोजन लखीसराय संग्रहालय में होगा।
सम्मेलन का विषय “ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में मगध — एक नवीन शोध” निर्धारित किया गया है। इसमें देश-विदेश के प्रतिष्ठित इतिहासकार अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक प्रोफेसर अनिल कुमार होंगे।लखीसराय फिल्म महोत्सव 2025 के फेस्टिवल डायरेक्टर डीएम मिथिलेश मिश्र होंगे। वहीं, फिल्मकार रविराज पटेल को कार्यक्रम का संयोजक बनाया गया है। जिला प्रशासन, फिल्म सोसाइटी सिनेयात्रा और विभिन्न फिल्म संस्थानों के सहयोग से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
फिल्म प्रदर्शन, चर्चा और वर्कशॉप होंगे आयोजित
तीन दिवसीय महोत्सव में फीचर और नॉन-फीचर फिल्मों का प्रदर्शन, पैनल चर्चा, मास्टरक्लास और युवा फिल्म निर्माताओं के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति पर एक विशेष सत्र भी होगा। मुख्य कार्यक्रम लखीसराय संग्रहालय में होंगे, जबकि फिल्म प्रदर्शन राज सिनेमा और महादेव टॉकीज में भी किए जाएंगे।महोत्सव में फिल्म समीक्षक अजय ब्रह्मात्मज, अभिनेता विकास कुमार और ‘सिनेयात्रा’ के अध्यक्ष आर.एन. दास सहित कई जानी-मानी फिल्मी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को NFDC और बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग का सहयोग प्राप्त है।फिल्म महोत्सव के बाद 6 और 7 दिसंबर को नगर भवन, लखीसराय में जिला स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें वक्तृता, समूह लोकगीत, लोकनृत्य, कविता–कहानी लेखन, चित्रकला आदि प्रतियोगिताएं होंगी। इसका उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
डीएम ने बताया कि फिल्म महोत्सव और अन्य सांस्कृतिक आयोजनों का विस्तृत कार्यक्रम लाली पहाड़ी महोत्सव के समापन के बाद सार्वजनिक किया जाएगा।
