लखीसराय क्रिकेट क्लब ने डीसीसी बड़हिया को सात रन से हराया, बेहतर प्रदर्शन के बदौलत नीतीश कुमार मैन ऑफ द मैच बने

लखीसराय(सरफराज आलम)जिला समाहरणालय स्थित गांधी मैदान में गुरुवार को जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित ग्रुप बी का पांचवां मैच लखीसराय क्रिकेट क्लब और डीसीसी बड़हिया के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में लखीसराय क्रिकेट क्लब ने डीसीसी बड़हिया को सात रन से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज किया। मैच के हीरो नीतीश कुमार रहे, जिनके शानदार प्रदर्शन ने टीम को जीत दिलाई। जिला सचिव गौतम कुमार मंडल ने बताया कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखीसराय क्रिकेट क्लब की टीम 25 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 120 रन ही बना सकी। टीम की ओर से बाला ने सर्वाधिक 42 रनों की पारी खेली और संघर्षपूर्ण स्थिति में टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। डीसीसी बड़हिया की ओर से निलेश कुमार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और लखीसराय की रन गति पर अंकुश लगाए रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीसी बड़हिया की टीम कड़ी टक्कर के बावजूद 26 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 113 रन ही बना सकी। टीम की ओर से निलेश कुमार ने 33 रन एवं साहिल ने 23 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। लखीसराय क्रिकेट क्लब के गेंदबाज ने दबाव में शानदार प्रदर्शन किया। अंकित कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किया और जीत की नींव मजबूत किया। आज यानी शुक्रवार को ग्रुप का छठा मैच टाइगर क्रिकेट क्लब और लखीसराय क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.