Birth Anniversary: खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया, खाटूधाम में उमड़े लाखों श्रद्धालु
Khatu Shyam Baba Birth Anniversary (एमपी भार्गव): कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्री श्याम बाबा खाटू नरेश का जन्मोत्सव एवं पाटोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर देशभर के श्याम भक्त बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना में शामिल हो रहे हैं। श्याम प्रेमियों ने एक-दूसरे को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
Birth Anniversary: महाभारत काल से जुड़ी है बाबा श्याम की मान्यता
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महाभारत काल के महान योद्धा बर्बरीक को भगवान श्रीकृष्ण ने कलयुग में श्याम नाम से पूजे जाने का वरदान दिया था। तभी से भक्त बाबा श्याम को ‘हारे का सहारा’ और ‘लखदातार’ के नाम से श्रद्धापूर्वक पूजते हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से बाबा के दरबार में आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
Birth Anniversary: फूलों और रोशनी से सजा खाटूधाम का दरबार
राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूधाम मंदिर में बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया है। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, गुब्बारों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
Birth Anniversary: 56 भोग और विशेष आरतियों से मनेगा जन्मोत्सव
जन्मोत्सव पर बाबा श्याम को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही भव्य झांकी सजाई जाएगी और दिनभर विशेष आरतियों का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर के पट 24 घंटे खुले रखने की व्यवस्था की गई है।
Birth Anniversary: लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, रेलवे ने चलाईं विशेष ट्रेनें
बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु खाटूधाम पहुंच रहे हैं। एकादशी के अवसर पर पांच लाख से अधिक भक्तों के दर्शन करने का अनुमान जताया गया है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे की ओर से 12 विशेष ट्रेनें भी चलाई गई हैं।
Birth Anniversary: ऐलनाबाद में भी सजे बाबा के दरबार, भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
खाटूधाम के साथ-साथ ऐलनाबाद में भी श्याम बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। श्याम प्रेमियों ने अपने घरों और मंदिरों में बाबा का भव्य दरबार सजाया। इस दौरान भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना कर बाबा का गुणगान किया गया। भक्तों ने एक-दूसरे को जन्मोत्सव की बधाई देते हुए बाबा श्याम से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
