कंगना रनौत: “रेप की धमकियों से मेरी आवाज को नहीं दबा सकते”

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री और हिमाचल की मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत ने गुरुवार को खुलासा किया कि उनकी आगामी फिल्म ‘इमरजेंसी’ के चलते उन्हें बलात्कार की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की धमकियों से उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

कंगना रनौत ने कहा, “कुछ लोगों ने हमारे सिर पर बंदूक तान दी है। बंदूकों से हम डरने वाले नहीं हैं। आज मुझे बलात्कार की धमकियां भी आ रही हैं, लेकिन इस तरह से वो मेरी आवाज नहीं दबा पाएंगे।”

कंगना की यह प्रतिक्रिया पंजाब के पूर्व सांसद और शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान की बलात्कार संबंधी टिप्पणी के जवाब में आई है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि अभिनेत्री को “बलात्कार का बहुत अनुभव है।”

कंगना ने अपनी फिल्म की रिलीज को लेकर हो रही देरी पर भी बात की। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों की आशंकाओं और असुरक्षाओं के कारण उनकी फिल्म ‘मुश्किलों’ में फंस गई थी। हालांकि, वह इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

उन्होंने कहा, “एक कलाकार की रचनात्मक आजादी को कुचला नहीं जा सकता और उसकी फिल्म को रिलीज होने से नहीं रोका जा सकता। मैं गोलियों और धमकियों से डरने वालों में से नहीं हूं। वे मेरी आवाज नहीं दबा सकते।”

बता दें कि कंगना रनौत की फिल्म ‘इमरजेंसी’ दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर आधारित है, जिसमें वह मुख्य भूमिका निभा रही हैं। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने सिल्वर स्क्रीन पर किसी राजनीतिक आइकन की भूमिका निभाई है। इससे पहले उन्होंने ‘थलाइवी’ (2021) में अभिनेत्री से राजनेता बनी दिवंगत जे. जयललिता की भूमिका निभाई थी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.