जियोब्लैकरॉक को म्यूचुअल फंड बिजनेस के लिए मिली SEBI की मंजूरी
सिड स्वामीनाथन होंगे नई एसेट मैनेजमेंट कंपनी के MD और CEO
मुंबई: जियो फाइनेंशियल सर्विसेस लिमिटेड (JFSL) और वैश्विक निवेश कंपनी ब्लैकरॉक के संयुक्त उपक्रम जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड को भारत में म्यूचुअल फंड कारोबार शुरू करने के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही, कंपनी ने सिड स्वामीनाथन को अपना प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है।
सिड स्वामीनाथन इससे पहले ब्लैकरॉक में इंटरनेशनल इंडेक्स इक्विटी के प्रमुख रह चुके हैं और 1.25 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति का प्रबंधन कर चुके हैं। उन्होंने अपनी नियुक्ति पर कहा, “जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट का नेतृत्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमारा उद्देश्य है कि हम भारत के हर कोने तक संस्थागत गुणवत्ता वाले निवेश उत्पाद पहुंचाएं और देश की निवेश संस्कृति को नई दिशा दें।”
ईशा अंबानी ने बताई साझेदारी की खासियत
JFSL की गैर-कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने कहा, “ब्लैकरॉक की वैश्विक निवेश विशेषज्ञता और जियो की डिजिटल-फर्स्ट सोच मिलकर एक सशक्त साझेदारी बनाती है। हम हर भारतीय के लिए निवेश को सरल, सुलभ और समावेशी बनाना चाहते हैं। जियोब्लैकरॉक भारत में वित्तीय सशक्तिकरण के भविष्य को आकार देगा।”
रेचल लॉर्ड ने भारत में निवेश को लेकर जताया भरोसा
ब्लैकरॉक इंटरनेशनल की प्रमुख रेचल लॉर्ड ने कहा, “भारत का एसेट मैनेजमेंट उद्योग तेजी से विकसित हो रहा है। जियोब्लैकरॉक का उद्देश्य है कि कम लागत में उच्च गुणवत्ता वाले निवेश उत्पाद सीधे निवेशकों को उपलब्ध कराए जाएं। हम भारत को ‘बचतकर्ताओं के देश’ से ‘निवेशकों के देश’ में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
अब जब SEBI की मंजूरी मिल चुकी है, जियोब्लैकरॉक जल्द ही म्यूचुअल फंड बाजार में उत्पादों की पेशकश शुरू कर सकता है, जिससे देश भर के निवेशकों को बेहतर विकल्प और तकनीकी रूप से सक्षम निवेश समाधान मिल सकें।
