5G की दौड़ में जियो सबसे आगे, 23 करोड़ ग्राहक जोड़े, होम इंटरनेट में भी सबसे तेज़ बढ़त
• जियो-एयरटेल के कुल 40 करोड़ 5G यूज़र, इसमें जियो की हिस्सेदारी सबसे अधिक • जियो के 2.3 करोड़ होम ब्रॉडबैंड में से 95 लाख जियोएयरफाइबर पर
- रिपोर्ट: प्रियंका सिंह
नई दिल्ली, दिसंबर 2025:जियो देश में 5G टेक्नोलॉजी का सबसे बड़ा खिलाड़ी बनकर उभरा है। CLSA की नई रिपोर्ट के अनुसार अब तक 23 करोड़ से अधिक ग्राहक जियो के 5G नेटवर्क से जुड़ चुके हैं, और कोई भी भारतीय ऑपरेटर इतनी बड़ी संख्या में 5G यूज़र नहीं जोड़ पाया है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि जियो का 5G स्टैंडअलोन नेटवर्क पूरे देश में सबसे बड़ा और तकनीकी रूप से सबसे बेहतर है। इसी नेटवर्क के दम पर जियो 5G की दौड़ में सबसे आगे है। कंपनी के कुल 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों में से लगभग आधे अब 5G सर्विस का उपयोग कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, जियो और एयरटेल मिलकर देश में 40 करोड़ से अधिक 5G उपयोगकर्ता जोड़ चुके हैं, और मोबाइल डेटा बाजार में इन दोनों कंपनियों की संयुक्त राजस्व हिस्सेदारी 81% तक पहुंच गई है। बाजार की अधिकांश वृद्धि 5G शुरू होने के बाद इन्हीं दो कंपनियों के हिस्से में आई है, जिसमें जियो ने 5G के क्षेत्र में लीडर की भूमिका निभाई है।
देश भर में 5G स्मार्टफोन की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है, और अब यह 91% का आंकड़ा छू चुकी है। 5G के तेज नेटवर्क विस्तार ने जियो को और मजबूती दी है।
सिर्फ मोबाइल 5G ही नहीं, जियो घरों में इंटरनेट पहुंचाने में भी सबसे आगे है। कंपनी के पास 2.3 करोड़ होम ब्रॉडबैंड ग्राहक हैं, जिनमें से 95 लाख ग्राहक जियो के 5G FWA (जियोएयरफाइबर) पर हैं। कंपनी का लक्ष्य जियोफाइबर और जियोएयरफाइबर से 10 करोड़ ग्राहकों को जोड़ने का है।
जियो का 5G FWA देश में होम इंटरनेट की तस्वीर बदल रहा है और नए उपयोगकर्ताओं को जोड़ने का सबसे बड़ा माध्यम बन रहा है। भारत के लगभग 30 करोड़ घरों में से वायर्ड ब्रॉडबैंड कनेक्शन केवल 4.5 करोड़ घरों तक ही पहुंचा है, जिससे इस सेगमेंट में वृद्धि की बहुत बड़ी संभावना है।
